दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी से धान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे 100 क्विंटल से ज्यादा धान जलकर खाक हो गया।

आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि पास में ही पराली जलाने से यह आग धान संग्रहण केंद्र तक फैल गई थी। जिसकी वजह से यह नुकसान हुआ है।

जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि, उसे नियंत्रित करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिश और 5 गाड़ी पानी की मदद से आखिरकार आग पर काबू पाया गया।

ज्यादातर हिस्से में आग लगने से रोका गया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के समय खरीदी केंद्र में बड़ी मात्रा में धान रखा था। आग तेजी से फैलने के कारण नुकसान बढ़ गया। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से आग को आसपास के हिस्सों तक पहुंचने से रोक लिया गया। अब प्रशासन आग लगने की वजह और नुकसान का आकलन कर रहा है।

दुर्ग कलेक्टर मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने के बाद दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। कलेक्टर ने नुकसान का आकलन करने और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जिला अग्रिनशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और हालात पर नजर बनाए रखी।

Exit mobile version