
पुलिस के अनुसार, सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद उनके छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजा गया था। संदेश में भेजने वाले ने प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने की बात लिखी थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने संदेश में मृतक के बेटे को लेकर भी आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया था। मैसेज में लिखा गया था कि “आपको जो करना है कर लेना।”
हालांकि कुछ समय बाद उसी व्हाट्सएप चैट में आरोपी ने माफी मांगते हुए दूसरा संदेश भी भेजा था।
साइबर जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की गई।
सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड), मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में सफल रही। जांच के बाद पुलिस टीम ने अंबिकापुर पहुंचकर प्रियांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
हत्याकांड से सीधा संबंध नहीं मिला
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी का प्रदीप सोनी हत्याकांड से प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है।
इसके बावजूद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मानसिक स्थिति की भी होगी जांच
आईजी ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी। इस संबंध में चिकित्सकीय परीक्षण और रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।