
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 6 जून की रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें युवक स्कूटी पर बैठकर हाथ में धारदार हथियार लिए दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान हथियार का प्रदर्शन करता नजर आया।
राहगीरों में फैला रहा था डर
पुलिस को सूचना मिली थी कि, दादर रोड पुलिया के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर खड़ा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार के साथ रील बनाकर उसका प्रदर्शन कर रहा था। जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
आरोपी की हुई पहचान, हथियार जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितिन कुमार डहरिया उर्फ बंटी (28) निवासी ग्राम दादर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 14 इंच लंबा लोहे का दांतेदार धारदार हथियार बरामद किया गया।
पुलिस ने जब उससे हथियार रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई अनुमति पत्र या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 14 इंच लंबा लोहे का धारदार दांतेदार हथियार जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 300 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने निकाला जुलूस
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका सार्वजनिक रूप से जुलूस भी निकाला। उसे कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई गई और लोगों के बीच कानून का संदेश दिया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।