
जानकारी के अनुसार, लोहारी निवासी अश्विनी चतुर्वेदी की कार उनके घर के बरामदे में खड़ी थी। रात करीब 2 बजे अचानक कार का हॉर्न बजने लगा, जिससे परिवार के सदस्य जाग गए।
परिवारजनों ने देखा कि कार में आग लगी हुई थी और वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। उन्होंने बोरवेल के पानी और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि, आग पर काबू पाने तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। पीड़ित अश्विनी चतुर्वेदी ने बताया कि आग लगने के साथ ही कार का हॉर्न बजना और उसका आगे बढ़ना बेहद असामान्य था।
उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा आगजनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मरवाही पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।