
यह भर्ती नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) के जरिए भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत ‘होम बेस्ड केयर गिवर’ के 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती तौर पर करीब 1.99 लाख रुपए महीने तक वेतन मिलेगा।
इधर इजराइल और ईरान के बीच दोबारा जंग शुरू हो चुकी है। दोनों देश एक दूसरे पर अब हमले शुरू कर चुके हैं। ऐसे वक्त पर जिला प्रशासन ने इजराइल में नौकरी के लिए प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को अवसर प्रदान किया है।
जिला प्रशासन की ओर से इजराइल में नौकरी के लिए शैक्षणिक योग्यता भी जारी कर दी है। इसके अनुसार अभ्यर्थियों को भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे का ओजेटी (ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग) सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र अनिवार्य है।
जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी या नर्स असिस्टेंट में से कोई एक प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इच्छुक और पात्र आवेदकों को छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
जिला प्रशासन ही करेगा चयन प्रक्रिया पूरी, अंतिम इंटरव्यू इजराइल लेगा
भर्ती की चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेजों की जांच व सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस करवाना होगा।
अंतिम में इजराइल के नियोक्ता की ओर से ऑनलाइन इंटरव्यू लिया जाएगा। जिसके बाद ही नौकरी में चयन हो सकेगा। इच्छुक और पात्र आवेदक छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर जारी लिंक के माध्यम से तुरंत अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
दो साल के कांट्रेक्ट पर मिलेगी नौकरी
जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा-रोजगार विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए इस अवसर के तहत चयनित उम्मीदवारों को लगभग 2 लाख रुपए प्रति माह का प्रारंभिक वेतन मिलेगा।
अलग-अलग कटौतियों (जैसे चिकित्सा बीमा, आवास और भोजन भत्ता) के बाद आवेदकों को शुद्ध रूप से 1,99,770 रुपए प्रति माह वेतन दिया जाएगा। यह नियुक्ति शुरुआती तौर पर दो साल के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकतानुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
इजराइल में पहले काम किए युवक नहीं कर सकेंगे आवेदन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इजराइल में प्रदेश के युवाओं को जो नौकरी करने जाएंगे उनको आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा सहित 9 दिनों के राष्ट्रीय अवकाश, 16 दिनों के वार्षिक अवकाश और सप्ताह में 6 दिन कार्य की सुविधा दी जाएगी।
इस पद के लिए आवेदकों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच, न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होने के साथ इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक के पास न्यूनतम 3 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए।
वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो, लंबाई 1.5 मीटर से अधिक और वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। इसके अलावा आवेदक ने पूर्व में इजराइल में कार्य न किया हो।