बस्तर पुलिस ने करीब 25 लाख 66 हजार 750 रुपए के गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबस्तर पुलिस ने करीब 25 लाख 66 हजार 750 रुपए के गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 51 किलो 335 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। 2 अलग-अलग जगह पर पुलिस ने कार्रवाई की है। एक के घर पर रेड मारकर गांजा पकड़ा गया है, जबकि दूसरा युवक बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

मामला भानपुरी और नगरनार थाना क्षेत्र का है। दरअसल, भानपुरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर की टीम ने रविवार को आरोपी के घर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम के अंदर से करीब 33.25 किलो गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपए है। पकड़े गए आरोपी की पहचान किशोर बघेल (36) के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

ओडिशा से रायपुर ले जा रहा था गांजा

दूसरी कार्रवाई नगरनार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास एक युवक दो बैग में गांजा लेकर जगदलपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष सिंह की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पांडेय (28) निवासी मंगला चौक बिलासपुर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखे दो बैग की तलाशी ली। बैग के भीतर तीन पैकेटों में भरा 18 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 9 लाख 4 हजार 250 रुपए बताई गई है।

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी गांजा ओडिशा से बिलासपुर ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जिसे भी कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है।

तस्करों पर लगातार कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर होने वाली गांजा तस्करी और जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दोनों कार्रवाई की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Exit mobile version