रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन गुंडा-बदमाश को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन गुंडा-बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहीद स्मारक भवन की पार्किंग में अवैध रूप से शराब बेच रहा था।

पुलिस ने उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब, नकदी और एक एक्टिवा समेत कुल 24,820 रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजबंधा मैदान निवासी 52 वर्षीय फिरोज खान के रूप में हुई है।

उसके खिलाफ लंबे समय से अवैध शराब कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं।

मौदहापारा पुलिस के मुताबिक फिरोज खान क्षेत्र का आदतन गुंडा-बदमाश है और उसकी गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी। अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई थी और कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दबाव के चलते आरोपी ने अपने घर के बजाय अलग-अलग जगहों से शराब बेचना शुरू कर दिया था। वह बार-बार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि शहीद स्मारक भवन की पार्किंग में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से फिरोज खान को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उसके पास से 36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब, 500 रुपए नकद और एक्टिवा बरामद की गई।

जब्त सामग्री

36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब (6.48 बल्क लीटर)

शराब की अनुमानित कीमत: 4,320 रुपए

500 रुपए नकद

होंडा एक्टिवा (CG 04 MK 8657)

कुल जब्ती: 24,820 रुपए

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने लोगों से अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।