छत्तीसगढ़ के कोरबा में 2 युवकों ने TI पर मारपीट और 24 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा में 2 युवकों ने TI पर मारपीट और 24 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। गुरुवार सुबह हरदीबाजार टीआई पर कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों पानी टंकी पर चढ़ गए। वहां टंकी पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और TI को सस्पेंड नहीं करने पर सुसाइड की धमकी दी।

मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र का है। दोनों युवकों के टंकी पर चढ़ने का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। समझाइश के 3 घंटे बाद दोनों को नीचे उतारा गया।

दरअसल यह मामला जुआ-सट्टा से जुड़ा हुआ है। मामले में TI प्रमोद कुमार ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक जुआ फड़ चलाते हैं।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, पानी टंकी पर चढ़े युवकों का नाम रफीक मोहम्मद (22) और दीपेश निर्मलकर (23) है। दोनों ग्राम नेवसा के रहने वाले हैं। उन्होंने हरदीबाजार TI प्रमोद कुमार डनसेना पर मारपीट और साढ़े 23 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है।

मंगलवार (9 जून) को पुलिस ने उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़ा था। आरोप है कि ‘थाने ले जाकर जुआ खेलाते हो’ कहकर लाठी-डंडों और बेल्ट से बेरहमी से उन्हें पीटा गया। उसके बाद ‘दीपका ले जाकर भागते हुए गिर गए हैं’ इस तरह का झूठा बयान जबरन लिखवाया गया।

जुआ कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद

हालांकि, जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस पर जबरन घरों में घुसकर लोगों को थाने ले जाने का आरोप लगाया है।

गुरुवार (11 जून) सुबह कार्रवाई से नाराज रफीक और दीपेश पेट्रोल लेकर गांव के पानी टंकी पर चढ़ गए थे। काफी समझाइश के बाद उतरे।