छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की संयुक्त जांच टीम लगातार खाद दुकानों का निरीक्षण कर रही

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की संयुक्त जांच टीम लगातार खाद दुकानों का निरीक्षण कर रही है। पुसौर इलाके में जांच के दौरान दो उर्वरक दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई।

एक दुकान से 9 टन यूरिया जब्त किया गया, जबकि दूसरी दुकान पर 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगाया गया। किसानों के लिए निर्धारित खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग के उप संचालक अनिल वर्मा ने बताया कि, संयुक्त जांच दल ने पुसौर स्थित अग्रवाल खाद भंडार का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में एचयूआरएल कंपनी का लगभग 9 टन यूरिया भंडारित मिला।

स्टॉक पंजी, बिक्री अभिलेख और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड का मिलान करने पर उक्त यूरिया का कोई उल्लेख नहीं मिला। वास्तविक भंडारण और दस्तावेजों में दर्ज स्टॉक के बीच स्पष्ट अंतर पाए जाने पर उर्वरक भंडारण एवं विक्रय नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया। इसके बाद जांच दल ने पूरे 9 टन यूरिया को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी।

दूसरी दुकान में भी मिली गड़बड़ी

इसके बाद टीम ने पुसौर स्थित बाबा मोहनदास एग्रो शॉप का निरीक्षण किया। यहां एसएसपी उर्वरक के स्टॉक का मिलान करने पर पीओएस एंट्री, स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण में अंतर पाया गया।

जांच में उर्वरक वितरण व्यवस्था में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगाया गया।

कालाबाजारी पर सख्ती जारी

उप संचालक अनिल वर्मा ने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों के लिए निर्धारित खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version