छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरों ने एक खाली मकान को निशाना बनाकर अधिवक्ता के घर से लाखों रुपये की चोरी कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरों ने एक खाली मकान को निशाना बनाकर अधिवक्ता के घर से लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के गहनों के साथ करीब 8 लाख रुपये की महंगी रोलेक्स घड़ी चुरा ली। यह मामला मंगचुवा थाना क्षेत्र के ग्राम अरजपुरी का है।

मामले की शिकायत अधिवक्ता के पिता तपसी राम भांडेकर ने मंगचुवा थाना में दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार अधिवक्ता नितिन भांडेकर रायपुर में रहते हैं। उनके पिता तपसी राम भांडेकर, मां पार्वती भांडेकर और बहन-दमाद 9 दिसंबर को गुजरात और राजस्थान की यात्रा पर गए थे। इसी दौरान उनका मकान खाली पड़ा था।

पड़ोसी ने परिवार को दी चोरी की जानकारी

इस बीच पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और उसने परिवार को इसकी सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो पाया कि मकान के मुख्य गेट का ताला सुरक्षित था, लेकिन अंदर के कमरे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर गोदरेज अलमारी खुली हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था।

सोना-चांदी और 8 लाख की महंगी घड़ी चोरी

चोरों ने अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र (1 तोला), छोटा सोने का लॉकेट, लगभग 5 ग्राम सोने के टॉप्स, चांदी का पायल, बिछिया और ऐंठी (लगभग 15 तोला) के साथ 21 हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत लगभग 1 लाख 95 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 8 लाख रुपए की महंगी रोलेक्स घड़ी भी चोरी हो गई।

अधिवक्ता नितिन भांडेकर ने बताया कि रोलेक्स घड़ी उन्हें सऊदी के एक क्लाइंट ने गिफ्ट की थी। चोरी की आशंका के कारण उन्होंने घड़ी गांव स्थित घर में रखी थी, लेकिन वहीं से घड़ी चोरी हो गई। चूंकि घड़ी का बिल मौजूद नहीं था, इसे एफआईआर में दर्ज नहीं किया गया।

पुलिस ने तपसी राम भांडेकर की शिकायत पर बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

Exit mobile version