जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में 24 नवंबर की रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में 24 नवंबर की रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने एक मोबाइल दुकान से लगभग 2 लाख रुपए के मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नकद चुराए, जबकि एक डेलीनीड्स की दुकान से 10 से 15 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया।

घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है। दोनों दुकानों में चोर टिन की छत तोड़कर अंदर घुसे थे। इस घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले है। जिसके बाद संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

झोले में मोबाइल फोन भरता दिखा चोर

जानकारी के अनुसार, आजाद चौक के पास स्थित मां मोबाइल दुकान की टिन की छत तोड़कर चोरों ने प्रवेश किया। दुकान से विभिन्न कंपनियों के लगभग 2 लाख रुपये के मोबाइल फोन और गल्ले में रखे 10 हजार रुपए नकद चोरी किए गए।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति गमछे से चेहरा ढके हुए झोले में मोबाइल फोन भरता दिखाई दे रहा है।

8 दिन पहले भी हो चुकी है चोरी

दूसरी घटना डेलीनिड्स की दुकान में हुई, जहां भी छत तोड़कर चोरी की गई। दुकान में नकदी न मिलने पर चोरों ने लगभग 10 से 15 हजार रुपये का सामान चुरा लिया। बता दें कि इसी दुकान में आठ दिन पहले भी चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले में पुलिस के हाथ खाली थे।

यह क्षेत्र में हुई हालिया चोरियों की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले 23 नवंबर को भी एक बड़ी चोरी हुई थी, जिसमें लगभग 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 6 लाख रुपए नकद, कुल 11 लाख रुपए की चोरी हुई थी।

पिछले दो दिनों में तीन बड़ी चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version