छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में डंपर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में डंपर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाकी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों के साथ पूर्व विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर चक्काजाम कर दिया।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम लोईंग का रहने वाला केशव मेहर (35) अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर इंदिरा नगर से सर्किट हाउस रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर सेना कार्यालय के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में केशव मेहर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।

चक्काजाम और मांगें

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और कांग्रेसी नेताओं ने सड़क पर ब्रेकर निर्माण और मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने में जुटी रही। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता पशु विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version