जशपुर पुलिस ने इंटर स्टेट शराब तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया

Chhattisgarh Crimesजशपुर पुलिस ने इंटर स्टेट शराब तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने हरियाणा से शराब तस्कर कर्ण उर्फ बाबू शर्मा को गिरफ्तार किया है। जिसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, कर्ण उर्फ बाबू शर्मा (38) हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के ग्राम थानेसर का रहने वाला है। पुलिस की एक विशेष टीम ने उसे हरियाणा से पकड़कर लाया। जांच में खुलासा हुआ कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाले ट्रकों में डीजल भरवाने का भुगतान हरियाणा से ऑनलाइन किया जाता था।

इन डिजिटल ट्रांजेक्शनों को तकनीकी जांच के माध्यम से ट्रेस किया गया, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। यह सुराग अगस्त माह में सिटी कोतवाली क्षेत्र में पकड़े गए शराब तस्करी मामले से मिला। ट्रक क्रमांक UP 12 AT 1845 के चालक चिमा राम के मोबाइल डेटा की बारीकी से जांच की गई।

पूछताछ में कर्ण शर्मा का नाम आया सामने

मोबाइल में पेट्रोल पंपों पर किए गए ऑनलाइन पेमेंट के रिकॉर्ड मिले, जिसमें भुगतानकर्ता के तौर पर हरियाणा के कर्ण शर्मा का नाम सामने आया। पूछताछ के दौरान आरोपी कर्ण शर्मा ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि 2023 में वह सोनीपत, हरियाणा में एक अंग्रेजी शराब दुकान में सेल्समैन था, जहां उसकी पहचान एक शराब तस्कर से हुई।

ऑनलाइन मनी ट्रांजेक्शन का काम शुरू किया था

2024 में ठेका बंद होने के बाद वह अपने गांव लौट आया और ऑनलाइन मनी ट्रांजेक्शन का काम शुरू किया। इसके बाद उससे संपर्क कर पेट्रोल पंपों के भुगतान के लिए उसका इस्तेमाल किया जाने लगा, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता था। पुलिस ने दूसरे व्यक्ति की पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। पुलिस को उसकी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।

चार बड़े नेटवर्कों का भंडाफोड़

दरअसल, पिछले कुछ महीनों में जशपुर पुलिस ने शराब तस्करी सिंडिकेट के चार बड़े नेटवर्कों का भंडाफोड़ किया है। फरवरी में दुलदुला और अनूपपुर क्षेत्र से दो ट्रकों को पकड़कर 1574 कार्टून में 11,552 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

इसके बाद अगस्त महीने में सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र से ट्रक UP 12 AT 1845 और अक्टूबर महीना में ट्रक RJ 09 GE 0124 से अवैध शराब पकड़ी गई। दोनों ट्रकों से 1160 कार्टून में 12,888 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई और तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

अब तक 2734 कार्टून शराब जब्त

इस तरह अब तक जशपुर पुलिस कुल चार ट्रकों में रखे गए 2734 कार्टून से 24,440 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर चुकी है। साथ ही कुल पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। सभी मामलों में धारा 34(1) और 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

झारखंड के रास्ते बिहार भेजी जाती थी शराब

जांच में पता चला कि शराब चंडीगढ़ से भरकर झारखंड के रास्ते बिहार भेजी जाती थी। ट्रक चालक रांची तक ट्रक ले जाकर अपनी तय रकम लेकर वापस लौट आते थे। इसके बाद सिंडिकेट का दूसरा सदस्य ट्रक को आगे बिहार तक पहुंचाता था। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए तस्कर गांवों के ऐसे रास्तों से जाते थे, जहां चेकिंग बहुत कम होती थी।

तस्करी सिंडिकेट की एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया पुलिस इस बड़े तस्करी सिंडिकेट की एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन कर रही है। कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और बहुत जल्द शराब तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कर्ण उर्फ बाबू शर्मा के जुर्म स्वीकार करने और उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने उसे विधि अनुसार गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ जशपुर पुलिस शराब तस्करी के इस अंतरराज्यीय संगठित सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने की दिशा में पहले से भी अधिक मजबूत स्थिति में है।

Exit mobile version