जशपुर नगर में एक किराना व्यवसायी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesजशपुर नगर में एक किराना व्यवसायी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, नगदी और खरीदी गई सामग्री सहित कुल 26,500 रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह घटना 1 जनवरी 2026 की रात को हुई थी। प्रार्थी ईश्वर राम यादव (42), निवासी कदमटोली जशपुर, ने 2 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मिलन चौक, जशपुर स्थित अपनी किराना दुकान बंद करने के बाद वे घर गए थे।

नगदी व मोबाइल फोन गायब था

रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी पैंट कमरे की खूंटी पर टांग दी थी, जिसकी जेब में 15,000 रुपये नगद और 12,000 रुपये कीमत का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन रखा था। ईश्वर राम यादव ने बताया कि रात करीब 11 बजे भोजन के बाद वे परिवार सहित सो गए थे।

अगली सुबह 2 जनवरी को लगभग 6 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि पैंट आंगन में पड़ी है और उसमें रखे नगदी व मोबाइल फोन गायब हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 331(4) व 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गाढ़ा टोली निवासी संदिग्ध रोशन भारती एक मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने रोशन भारती को उसके घर से हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 12,000 रुपये नगद और चोरी की रकम से खरीदी गई 2,500 रुपये की सामग्री भी जब्त की गई। इस प्रकार, पुलिस ने कुल 26,500 रुपये की संपत्ति बरामद की।

Exit mobile version