कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच रहे

Chhattisgarh Crimesकांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे प्रदेशभर में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की समीक्षा करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों पर फोकस करेंगे।

कांग्रेस के लिए यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि मनरेगा के मुद्दे पर पार्टी ने सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ रखा है।

सचिन पायलट दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे 1 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

माना जा रहा है कि इस बैठक में आंदोलन को और तेज करने या उसके स्वरूप में बदलाव पर भी बातचीत हो सकती है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्षों से होगी सीधी बातचीत

दोपहर 2.30 बजे सचिन पायलट हाल ही में नियुक्त किए गए जिलाध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में जिलाध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग और संगठनात्मक समन्वय को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।

कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि जिलाध्यक्ष आंदोलन और संगठन दोनों मोर्चों पर सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि पार्टी की पकड़ जिला और ब्लॉक स्तर तक मजबूत हो सके।

शाम को दिल्ली रवाना होंगे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सचिन पायलट शाम करीब 6 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे। हालांकि जरूरत पड़ने पर कार्यक्रम में मामूली बदलाव भी हो सकता है।

26 नवंबर को हुआ था पिछला दौरा

इससे पहले सचिन पायलट 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रहे SIR अभियान की समीक्षा की थी और संविधान बचाओ दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

26 नवंबर को रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे धमतरी गए थे, जहां उन्होंने संविधान बचाओ दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया और SIR अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की थी।

इसके बाद वे कांकेर पहुंचे थे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई थी। देर शाम वे जगदलपुर पहुंचे थे। अगले दिन 27 नवंबर को उन्होंने जगदलपुर में SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा की और मीडिया से बातचीत के बाद दिल्ली लौट गए थे।

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिहाज से आज का रायपुर दौरा भी पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

Exit mobile version