
आरोप है कि प्राचार्य मंगना राम ने जानबूझकर उन्हें उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित दर्शाया और अन्य 2 लोग जो स्कूल नहीं पहुंचे थे उन्हें उपस्थित बताया। पूछताछ करने पर प्राचार्य भड़क उठे उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा और पेट में घूंसे भी मारे। घटना कुसमी विकासखंड स्थित बसकेपी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल की है। मामला गनेशमोड़ चौकी का है।
पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप
पीड़िता अनिगा लकड़ा, जो स्कूल में भूगोल सब्जेक्ट की व्याख्याता हैं, उसने गनेशमोड़ चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उन्होंने 6 जनवरी को ऑनलाइन माध्यम से एक दिन का आकस्मिक अवकाश लिया था, लेकिन 7 जनवरी को वे सुबह 10 बजे से पहले ही स्कूल पहुंच गई थीं।
पीड़िता का आरोप है कि प्राचार्य मंगना राम ने जानबूझकर उन्हें उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित दर्शाया और पूछताछ करने पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। शिक्षिका ने बताया कि प्राचार्य ने अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए उनकी सेवा पुस्तिका खराब करने और जीवन बर्बाद कर देने की धमकी भी दी।
चेहरे पर थप्पड़ मारे, पेट में भी मारा – पीड़िता
शिकायत में यह भी बताया गया है कि प्राचार्य ने शिक्षिका के साथ मारपीट की, उनके चेहरे पर थप्पड़ मारे और पेट में घूंसे भी मारे। पीड़िता 9 माह की गर्भवती हैं और घटना के बाद उन्हें पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। घटना के समय स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद था।
टीचर एसोसिएशन संघ ने की निंदा
छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन संघ के जिला अध्यक्ष पवन सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्राचार्य के तत्काल निलंबन की मांग की है। सिंह ने भरोसा जताया कि इस मामले में उचित कार्रवाई जरूर होगी।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी मनी राम यादव ने बताया कि मामला जैसे ही संज्ञान में आया हमनें कुसमी BEO को जांच के लिए निर्देशित कर दिया है।
8 जनवरी की सुबह ही BEO वहां जांच के लिए पहुंच गए थे। उनके द्वारा जांच की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट आने के बाद बिना देर किए आगे की कार्रवाई होगी।