
दीपक यादव ने अधिकार अभिलेख सेटलमेंट जैसे दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लोक सेवा केंद्र में आवेदन किया था। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद जब वह तहसील कार्यालय पहुंचे, तो आरोप है कि बाबू शिवनंदन पैकरा ने दस्तावेज देने के लिए 500 रुपए की अतिरिक्त मांग की। आरोप है कि युवक ने रिश्वत देने से इनकार करने पर उसका काम रोक दिया।
तहसील कार्यालय के सामने धरना, रिश्वत का लगाया आरोप
इस घटना से परेशान दीपक यादव ने आज दोपहर लगभग 12:00 बजे तहसील कार्यालय के सामने धरना शुरू किया। यह धरना करीब एक घंटे तक चला। उन्होंने हाथ में तख्ती पकड़ी हुई थी, जिस पर लिखा था कि तहसील कार्यालय में 500 रुपए का रेट फिक्स है और उनके पास इसका वीडियो प्रमाण भी है। तख्ती पर यह भी लिखा था कि उनके पास 200 रुपए हैं और बाकी 300 रुपए वह राजस्व अधिकारियों से भीख मांग कर देंगे।
वीडियो वायरल, प्रशासनिक जांच शुरू
इस घटना के बाद चौकीदार का पैसे लेते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके आधार पर प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। एसडीएम अभिषेक गुप्ता ने बताया कि तहसीलदार के माध्यम से मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। धरने के दौरान तहसीलदार ने स्वयं आकर दीपक यादव से लिखित शिकायत ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।