
यह योजना 14 जनवरी से लागू होगी। अब तक रेलवे एप के आर वैलेट का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को ही कैशबैक के रूप में 3 फीसदी का बोनस देता था। कई यात्री वॉलेट रिचार्ज करने की प्रक्रिया के कारण एप से टिकट बुक करने में कतराते थे।
यात्रियों की इसी परेशानी को दूर करने के लिए रेलवे ने अब सभी डिजिटल माध्यमों को इस स्कीम में शामिल कर लिया है। यानी अब एप पर जाकर टिकट बुक करने के बाद ऑनलाइन पेमेंट करने पर कुल किराए पर 3 फीसदी की छूट मिल जाएगी।
6 महीने के ट्रॉयल पर योजना शुरू
फिलहाल इसे 6 महीने के लिए ट्रायल बेसिस पर शुरू किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर, पैसेंजर मार्केटिंग संजय मनोचा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह नई व्यवस्था 14 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी और 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।
छह महीने के इस ट्रायल पीरियड के दौरान रेलवे यह देखेगा कि इस फैसले से डिजिटल बुकिंग का ग्राफ कितना बढ़ा है। सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम मई महीने में इस योजना का फीडबैक रेलवे बोर्ड को देगा, इसके आधार पर योजना को आगे जारी रखने पर फैसला लिया जाएगा।
वॉलेट यूजर्स से मिलने वाला लाभ रहेगा जारी
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जो यात्री पहले से ही आर वैलेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हें कैशबैक के रूप में मिलने वाला 3 फीसदी बोनस पहले की तरह ही मिलता रहेगा। उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह नया बदलाव केवल उन लोगों के लिए है जो वॉलेट के बजाय सीधे अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान करेंगे। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिए हैं कि इस नई सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री इसका लाभ उठा सकें।