बलौदाबाजार के हथबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजगांव में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार के हथबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजगांव में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे खंभा नंबर 771/23-25 के पास अप लाइन पर पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही हथबंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की आयु लगभग 25-30 वर्ष है। उसके दाहिने हाथ की कलाई पर ‘जीके जोशी’ लिखा हुआ मिला है। जो उसकी पहचान में सहायक हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मृतक के पहनावे से जुड़ी जानकारी

मृतक ने नीले रंग की जींस और भूरे रंग का बेल्ट पहना था। उसके दाहिने हाथ की कलाई पर मौली का धागा और बाएं हाथ में एक ब्रेसलेट भी था। पैरों में ग्रे रंग के स्पोर्ट्स जूते और आसमानी रंग के मोजे पाए गए हैं।

हत्या और रेल दुर्घटना, दोनों पहलुओं से जांच

शव सिर कटा हुआ मिलने के कारण पुलिस हत्या और रेल दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वॉड भी मौजूद था, जिसने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।

शिनाख्त के लिए पुलिस की अपील

हथबंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इस विवरण से मेल खाते किसी लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी हो, या ‘जी.के. जोशी’ नाम से संबंधित कोई सूचना हो, तो वे तत्काल हथबंद पुलिस थाने से संपर्क करें। पुलिस ने मृतक की पहचान में सहयोग की अपेक्षा की है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित गवाहों से पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके।

Exit mobile version