छत्तीसगढ़ में कल यानी 10 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में कल यानी 10 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। प्रदेश में अभी एक से दो दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। इसके बाद गरज-चमक के साथ प्रदेश भर में बारिश होगी। लेकिन इससे पहले प्रदेश का औसत तापमान एक से दो डिग्री और बढ़ सकता है। मौसम विभाग की माने तो आज और कल मध्य छत्तीसगढ़ में टेम्प्रेचर 41-43 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दरअसल, मानसून को आगे बढ़ाने वाले दोनों बड़े सिस्टम बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाएं फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। इसका असर ये हुआ है कि मानसून नारायणपुर और कोंडागांव से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बस्तर में अटक गया है।

इस बीच मौसम विभाग ने आज बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और सुकमा में थंडर स्टॉर्म का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। रविवार को रायपुर 42.2°C के साथ सबसे गर्म रहा।

बस्तर में 37.6 मिलीमीटर बारिश

बारिश की स्थिति की बात करें तो रविवार को बस्तर में 37.6 MM, दंतेवाड़ा में 20.0 MM, जशपुर और गरियाबंद में 10 MM बारिश हुई है।

सप्ताह भर में थम गया मानसून

पिछले सात दिन में बारिश की रफ्तार लगातार फ्लेक्चुएट होती रही है। जहां रविवार 1 जून को 33 जगहों पर बारिश हुई। सोमवार को सिर्फ तीन जगहों और मंगलवार को केवल एक ही जगह पर बारिश हुई। वहीं 4 मई बुधवार और 5 मई गुरुवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई।

शुक्रवार यानी 6 मई को पांच जिलों में बारिश हुई। वहीं शनिवार को सिर्फ एक और रविवार यानी 8 मई को चार जिलों में न्यूनतम 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

22 मई से 28 मई के बीच 53.51 मिमी बारिश

छत्तीसगढ़ में 22 मई से 28 मई के बीच 53.51 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। प्रदेश में मानसून में औसतन 1200 मिलीमीटर पानी बरसता है। पिछले साल 1276.3 MM पानी गिरा था।

मई में 360% ज्यादा बारिश

मई के 31 में से 24 दिन बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और लगे हुए तटीय राज्यों में मजबूत सिस्टम बने। इन सिस्टम के कारण समुद्र से आने वाली नम हवा ने छत्तीसगढ़ में बारिश कराई। इस साल छत्तीसगढ़ में मई के महीने में 360 फीसदी अधिक बारिश हुई। लेकिन अब ये सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं।

आमतौर पर मई के शुरुआती 20-25 दिन तेज गर्मी वाले होते हैं। इस दौरान दिन का तापमान अपने उच्चतम स्तर यानी 46-47 डिग्री तक पहुंच जाता है। छत्तीसगढ़ में दिन का औसत तापमान 38 डिग्री से ऊपर ही रहता है। दो-तीन दिन लू भी चलती है। इसके विपरीत इस साल पूरे महीने मौसम ठंडा रहा।

Exit mobile version