छत्तीसगढ़ में कल से आंधी, बारिश, ओले का अलर्ट

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में कल यानी 2 अप्रैल से मौसम बदला रहेगा। प्रदेश के सभी पांच संभागों के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ओले गिर सकते हैं। बुधवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, बदले मौसम का असर पूरे प्रदेश में ही देखने को मिलेगा। वहीं अगले 2 दिनों तक दिन का तापमान स्थिर रहेगा। उसके बाद 2 से 3 डिग्री गिरावट होगी।

इसलिए ऐसा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक टर्फ दक्षिण छत्तीसगढ़ से विदर्भ होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक गुजर रहा है। वहीं, यहां से साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी गुजर रहा है। इस वजह से प्रदेश में मौसम बदलेगा।

रायपुर में सबसे तेज गर्मी

आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को दिन का टेम्प्रेचर 40.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा और प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 1.4 डिग्री अधिक था।

बिलासपुर में तापमान 39 डिग्री

बिलासपुर में दिन का तापमान सामान्य से अधिक है। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात का टेम्प्रेचर 23.4 डिग्री रहा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

जगदलपुर में पारा 38 डिग्री पार

सोमवार को यहां दिन का तापमान 38.5 डिग्री रहा। यह औसत से 2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं रात का पारा 24.6 डिग्री रहा जो नॉर्मल टेम्प्रेचर से 3.7 डिग्री ज्यादा रहा।

अम्बिकापुर में रात का पारा सामान्य से कम

मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान स्थिर बना हुआ है। सोमवार को अंबिकापुर में दिन का पारा 35.4 डिग्री रहा। वहीं रात का तापमान 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। यह नॉर्मल टेम्प्रेचर से 4.6 डिग्री कम था।

Exit mobile version