रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी सिद्धि पांडेय ने ऐसे सैंडल और पर्स बनाये है जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए काफी कारगर साबित हो सकते है। सिद्धि द्वारा बनाये गए सैंडल और पर्स को वुमन सेफ्टी प्रोडक्ट माना जा रहा है। महिलाएं इन प्रोडक्ट का इस्तेमाल कर मनचलों से सुरक्षित महसूस कर सकती है। सिद्धि द्वारा बनाये प्रोडक्ट की चर्चा अब विदेशों में भी होने लगी है।
डिवाइस वाले सैंडल और पर्स
सिद्धि पांडेय ने डिवाइस युक्त सैंडल और पर्स बनाये है जो बहुत किफायती है और मनचलों पर बहुत भारी पड़ सकते है। महिलाएं चाहे तो मनचलों को खुद ही सबक सिखा सकती है और अपनी लोकेशन भी घरवालों तक पहुंचा सकती है। सिद्धि के मुताबिक उनके बनाये सैंडल और पर्स बहुत सस्ते है। सामान्य परिवार की महिलाएं और युवतियां भी उनके प्रोडक्ट को आसानी से खरीदकर सुरक्षित महसूस कर सकती है।
मनचलों को सबक
सिद्धि ने बताया कि उनके बनाये सैंडल में जो डिवाइस लगा है वह 1000 वॉल्ट तक का झटका देता है। अगर किसी महिला को अकेली देखकर कोई मनचला छेड़छाड़ करता है तो महिला को केवल अपने सेंडल मनचले को टच कराना है। इतने में ही उसे करंट का जोरदार झटका लगेगा और वह कुछ देर के लिए निढाल हो जाएगा। इसी बीच महिला मौके से सुरक्षित निकल सकती है। सिद्धि ने इसके लिये मच्छर मारने वाले रैकेट के किट का प्रयोग किया गया है। जो सैंडल के सोल में लगाया गया है और रिचार्जेबल बैटरी से चलता है। इस सैंडल में कुछ इस तरह से फिट किया गया है कि एक नजर में ये दिखाई भी नहीं देता है।
बटन दबाते ही घर पहुंचेगी लोकेशन
सिद्धि ने अपने दूसरे प्रोडक्ट के बारे में बताया कि उन्होंने जो पर्स बनाया है उसमें पुलिस सायरन लगाया गया है। जो पर्स में लगे डिवाइस से जुड़ा है। महिला खतरा महसूस होने पर जैसे ही डिवाइस का बटन दबायेंगी तो पुलिस का सायरन बजना शुरू हो जाएगा। सायरन की आवाज से मनचले खौफ में आ जायेंगे और वहां से भागने पर मजबूर हो जाएंगे। इसके बावजूद भी अगर महिला कहीं फंस जाती है तो इसी पर्स में जीपीएस भी लगाया गया है। जिसका संपर्क घर में रखे मोबाईल फोन से रहता है और अपने आप महिला का लोकेशन घर वालो को मिल सकता है।
सैंडल और पर्स का ज्यादा इस्तेमाल
सिद्धि ने बताया कि घर से बाहर जाते वक्त ज्यादातर महिलाएं सैंडल पहनती है और पर्स रखती है इसलिए उन्होंने इन्ही दोनो चीजो को सुरक्षा का हथियार बनाया है। डिवाइस को बनाने में सिर्फ साढ़े 750 रुपए रूपये का खर्च होता है। जिसे कोई भी महिला या युवती आसानी से खरीद सकती है। उन्होंने बताया कि उनके प्रोडक्ट की विदेशों में भी जमकर तारीफ हो रही है। वे अपने प्रोडक्ट का प्रदर्शन करने जल्द ही जापान जाने वाली है। इसके लिए उन्हें न्यौता मिला है।
सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती है सिद्धि
धमतरी निवासी बीकॉम सेकिंड ईयर की छात्रा सिद्धि पांडेय सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती है। पिता नीरज पाण्डेय एक गौशाला में काम करते है और माँ घर संभालती है। उनका एक भाई भी है। पिता नीरज पाण्डेय ने बताया कि इस डिवाइस के बारे में जब उन्हे बताया गया तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ।डिवाइस के खर्च के लिए शिक्षको ने भी सिद्धि का भरपूर साथ दिया। अब सिद्धि की इच्छा अपने बनाये प्रोडक्ट को ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक पहुंचाने की है।