आज प्रियंका गांधी से मिलेंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड वाले इलाके में गए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मिलेंगे। दोनों नेताओं की यह मुलाकात चित्रकूट में होनी है। यहां रामघाट पर प्रियंका गांधी महिलाओं और लड़कियों से उनके मुद्दों पर बातचीत करेंगी। दोनों के कार्यक्रम में कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा और स्थानीय मंदिरों के दर्शन भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर तीन बजे बांदा से चित्रकूट के मध्य प्रदेश वाले हिस्से में पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी प्रयाग से सड़क मार्ग से होते हुए चित्रकूट के रामघाट पहुंचने वाली हैं। यहां कांग्रेस के लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान के तहत एक सभा है। इसके लिए मंदाकिनी नदी के रामघाट पर मंच की व्यवस्था की गई है। बाद में दोनों नेता कामदगिरी भगवान के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर जाएंगे।

बताया जा रहा है, उनके कामदगिरी परिक्रमा का भी कार्यक्रम है। पांच किलोमीटर के इस परिक्रमा परिपथ में ही चित्रकूट के सभी प्रमुख मंदिर आते हैं। माना जाता है कि कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा सभी कामनाओं को पूरा करने वाला है। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से खजुराहो पहुंचेंगे। वहां से विशेष विमान से देर शाम तक रायपुर आएंगे। मुख्यमंत्री की यह उत्तर प्रदेश यात्रा मंगलवार से शुरू हुई है।