कलेक्टर ने लगाई कड़ी फटकार, कहा- आप टॉप के यूज लेस हो, इस पर सीएमएचओ के छलके आंसू, बिगड़ी तबीयत

Chhattisgarh Crimes

इंदौर। प्रसूति प्रकरणों की प्रगति की सही जानकारी नहीं होना और खाद्य एवं औषधि विभाग के प्रकरणों की फाइलें नहीं देखना मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया को भारी पड़ गया। कलेक्टर मनीष सिंह ने उन्हें टीएल बैठक में जमकर फटकार लगाई। कलेक्टर ने यहां तक कह दिया कि आप ‘यूज लेस’ सीएमएचओ में टॉप के यूज लेस हो। उन्होंने कहा कि इतना यूज लेस काम किसी का नहीं रहता, जिनता आपका है।

सैंपल की फाइलें नहीं देखने पर खफा हुए जिले के मुखिया

कलेक्टर की फटकार के बाद डॉ. जड़िया के आंसू छलक आए और उनकी तबीयत खराब हो गई, उन्हें साथी अधिकारी ले गए और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसी प्रकार कलेक्टर खाद्यान्न पात्रता पर्ची मामले में फूड कंट्रोलर आरसी मीणा पर भी नाराज हो गए। उन्होंने मीणा का ट्रांसफर करने के लिए शासन को पत्र लिखने की बात तक कही है। दरअसल, कलेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक कर एक-एक प्रकरण पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान सीएमएचओ डॉ. जड़िया की बारी आई। कलेक्टर ने उनसे खाद्य और औषधि विभाग द्वारा लिए जा रहे सैंपलों पर चर्चा की। ये विभाग डॉ. जड़िया के अधीन ही आता है। जिन सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई, उन्हें डॉ. जड़िया द्वारा 30 दिनों का नोटिस दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि आप सभी फाइलें लेकर आएं, मुझे देखना है।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा शहर में पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची का वितरण किया जा रहा है। इस कार्य में लापरवाही के चलते कलेक्टर श्री सिंह ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी आरसी मीणा पर भी नाराजगी जाहिर करते कह दिया कि आपके ट्रांसफर के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। इसके बाद कलेक्टर ने एक-एक कर सभी अफसरों से चर्चा की और समय सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए।

Exit mobile version