कोरोना से कांग्रेस नेता विष्णू साहू की मौत

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विष्णू साहू की कोरोना से मौत हो गई। विष्णू हाल ही में कोरोना संक्रमित हुए थे। इनके परिवार के लोग भी संक्रमित हुए हैं। मृतक विष्णु साहू श्याम नगर तेलीबांधा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कांग्रेस नेता 14 मार्च को रोड सेफ्टी क्रिकेट टूर्नामेंंट देखने वो गए थे।

लौटने के बाद से ही वो असहज महसूस कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया, जिसमें उनकी रिपोर्ट पोजेटिव आयी थी। उन्हें तबियत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सांस लेने में तकलीफ ज्यादा बढ़ने लगी। कल इलाज के दौरान विष्णु साहू की मौत हो गयी। 44 साल के विष्णु कांग्रेस के बहुत सक्रिय नेता थे। पार्टी ने संगठन में कई जिम्मेदारी दी थी।

निधन पर कांग्रेस नेताओं सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि दी है। विधायक शकुंतला साहू ने ट्वीट करते हुए कहा कि सदैव समाज के लिए समर्पित रहने वाले विष्णु साहू कोरोना से असामयिक निधन की खबर दु:खद है। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि…

Exit mobile version