
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी विभागों के संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन कर्मचारियों ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। दंतेवाड़ा से लेकर रायपुर तक कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। दंतेवाड़ा के कर्मचारियों ने तो भैंस के आगे बीन बजाकर अपनी बेबसी और जिम्मेदारों की लापरवाही दिखाने की रोचक कोशिश की।
कर्मचारी अपने धरने के बीच दो भैंस लेकर आ गए। नियमितिकरण पर प्रशासनिक अफसर चुप हैं। प्रदेश के मंत्री भी इनकी मांग पूरी नहीं कर रहे। इस चुप्पी से नाराज होकर कर्मचारियों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में विरोध किया। भैंसों के आगे नागिन ट्यून बजाया गया। कर्मचारी बीन लेकर भैंस के आगे झूमते रहे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की।
एक कर्मचारी ने कुंभकर्ण का रूप लिया। मुखौटा और शाही ड्रेस पहनकर ये कर्मचारी लेट गया। वैसे ही जैसे धार्मिक कथाओं में कुंभकरण के पात्र के बारे में सुना जाता है। कुंभकरण बने कर्मचारी पर कांग्रेस सरकार की तख्ती रख दी गई। ये कुंभकरण गहरी नींद में सो रहा था। आस-पास सुआ नृत्य करते हुए कर्मचारियों ने नारा लगाया हमको परमानेंट करो..। कुंभकर्ण बना कर्मचारी सोता रहा। इसके जरिए कर्मचारियों ने ये दिखाया कि कैसे उनकी मांगों के मामले में जिम्मेदार सोए हुए हैं।
महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष कौशलेष तिवारी ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार बनने के चार साल बाद भी 2018 के चुनावी जन घोषणापत्र में किए नियमितिकरण के वादे और हमारी मांगे पूरी नहीं किया है। जबकि इन 4 सालों में हमने लगातार अपनी मांगों से सरकार को अवगत करते आ रहे हैं। महासंघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, अशोक कुर्रे ने कहा कि सरकार वादा कर भूल गई है, इस सरकार के समक्ष हम कर्मचारियों की गुहार का कोई असर नहीं हो रहा है, इस कारण प्रदेश के संविदा कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
30 जनवरी से जाएंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
संगठन के महासचिव श्रीकांत लास्कर ने कहा कि दीगर राज्यों में संविदा कर्मचारियों के भविष्य को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। 26 जनवरी को संविदा कर्मचारियों के बारे में यदि छत्तीसगढ़ में उचित निर्णय नहीं लिया गया तो 30 जनवरी से 54 विभाग में कार्यरत संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन में जायेंगे।
28 जिलों के 40 हजार कर्मचारी शामिल
महासंघ के प्रवक्ता सूरज सिंह ठाकुर ने बताया कि नियमितिकरण की मांग को लेकर 28 जिले के 40 हजार से अधिक संविदा कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं। ये हड़ताल 20 जनवरी तक जारी रहेगी। कर्मचारियों ने काम-काज बंद कर दिया है।