कोरोना पर जीत के करीब देश! बीते दिन 8 हजार नए केस मिले, डेली पॉजिटिविटी रेट 1.11% हुआ

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। देश में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,013 नए केस मिले और 119 मरीजों की मौत हुई। इस दौरान 16,765 लोग रिकवर हुए, जिससे अब तक ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,23,07,686 हो गई। फिलहाल 1,02,601 एक्टिव केस हैं जिसकी दर 0.24% है।

इस समय देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 1.11% है और वीकली पॉजिटिविटी रेट 1.17% है। रविवार को देश भर में 7,23,828 कोरोना टेस्ट हुए। अब तक 76.74 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं। मालूम हो कि कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीनेशन कैंपेन जारी है। देश भर में अब तक 177.50 करोड़ वैक्सीन डोज लग चुकी हैं।

दिल्ली में रविवार को कोरोना के 484 नए मामले सामने आए

दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 484 नए मामले सामने आए और तीन मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही संक्रमण की दर 0.95 प्रतिशत दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के अब तक 18,59,634 मामले सामने आ चुके हैं और महामारी से 26,122 मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, एक दिन पहले 50,759 नमूनों की जांच की गई थी। दिल्ली में शनिवार को संक्रमण के 440 मामले सामने आए थे, दो मरीजों की मौत हुई थी और संक्रमण की दर 0.83 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

राजस्थान में बीते दिन कोरोना के 531 नए केस आए

राजस्थान में रविवार को कोरोना के पांच सौ से अधिक नए मामले सामने आने के साथ दो और मरीजों की मौत हो गई। चिकत्सिा विभाग के अनुसार प्रदेश में 531 नए मामले सामने आए। चौबीस घंटों में इनमें 117 की कमी हुई। नए मामलों में सर्वाधिक 191 नए मामले जयपुर जिले में सामने आए। इसके अलावा राजसमंद में 42, उदयपुर में 24, जोधपुर, गंगानगर में 22-22, बीकानेर में 21, कोटा-बांसवाड़ा में 20-20 नए मामले सामने आए। बूंदी, दौसा, जालोर एवं टोंक में एक भी नया मामला सामने नहीं आया।