
कवर्धा। शहर से लगे ग्राम लालपुर कला में रविवार की सुबह साधराम यादव (50) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक गौशाला में चरवाहे का काम करता था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों सुफियान (21) निवासी एकता चौक कवर्धा, ईदरिस (27) निवासी आदर्श नगर कवर्धा, अयाज (29) निवासी बीच पारा कवर्धा व महताब खान (22) निवासी एकता चौक कवर्धा को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में एक नाबालिग भी है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपितों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सिटी कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह लालपुर कला के नर्सरी के पास खून से लतपथ साधराम की लाश मिली। जिसके 24 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल व नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि आपसी विवाद के दौरान आरोपित युवकों ने हत्या की है। दोपहर 12 बजे तक पुलिस ने तीन-चार संदिग्ध आरोपितों से पूछताछ की है।
जानकारी के अनुसार मृतक रात से ही अपने घर नहीं पहुंचा था। जिस जगह पर हत्या हुई है, वह गांव से लगा हुआ है। कवर्धा शहर से इसकी दूरी करीब 5 किमी है। हत्या के बाद स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक सीधा सरल स्वभाव का था। रात में ही आरोपितों ने हत्या की है।
पुलिस के अनुसार जिस जगह से मृतक का शव मिला है, वहां पर आपसी संघर्ष जैसे दिखाई नहीं दिया है। यानी मृतक के ऊपर सीधे हमला किया गया है। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान भी मिले थे। मृतक की उम्र 50 वर्ष के करीब है। इस कारण भी वह बीच-बचाव नहीं कर सका। हत्या की वारदात होने के बाद शहर व गांव में हड़कंप मचा हुआ था। मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची हुई थी। खोजी कुत्ता घर के आसपास तक ही पहुंच सका था। मृतक का घर घटना स्थल से करीब 800 मीटर की दूरी पर है।
आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग
शव का पीएम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया, जिसके अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले स्वजन शव के साथ एसपी कार्यालय में ज्ञापन देने के लिए पहुंचे हुए थे। उन्होंने आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग की है।