
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य में चिटफंड कंपनियों के विरुद्ध परिणाम दिख रहे हैं। प्रदेश में अलग-अलग जगह कार्रवाई तो चल रही है, वहीं दंतेवाड़ा पुलिस को भी इस मामले में सफलता हाथ लगी है। इस मामले में दंतेवाड़ा में भी पहली गिरफ्तारी हो गई है। जिले के 208 लोगों की 89 लाख से ज्यादा की राशि को गबन करने वाले साईं प्रकाश चिटफंड के डायरेक्टर मृगेंद्र सिंह बघेल को दंतेवाड़ा पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। यह मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के सेमरपाखा गांव का रहने वाला है।
दरअसल, इस मामले में निवेशकों को भी लंबे समय से इंतजार था। मामला 18 अगस्त 2019 को सिटी कोतवाली में दर्ज किया गया था। जिले के 208 लोगों ने इस कंपनी के खिलाफ 89 लाख 53 हजार 512 रुपए की गबन का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस इसकी तलाश में जुट गई थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी लगातार इस मामले में जिले के अफसरों को निर्देश देते रहे हैं। SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सिटी कोतवाली में FIR दर्ज होने के बाद आरोपी डायरेक्टर की तलाश की जा रही थी। रायपुर में मौजूदगी की जानकारी मिली तो एक टीम बनाकर रायपुर भेजा गया। जहां से आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।
इस मामले में SP सिद्धार्थ तिवारी, ASP राजेंद्र जायसवाल के निर्देश पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ सिंह और उनकी टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस अफसरों ने बताया कि इस कंपनी के और भी डायरेक्टर्स हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी।