रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहा ताजा राजनीतिक विवाद जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा है। अब भाजपा कार्यकर्ताओं के ऊपर SC-ST एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं लगाने की मांग उठी हैं। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री रुद्र गुरु के बंगले के सामने जिन दो युवकों को पीटा था, उनमें से एक आदिवासी और दूसरा सतनामी समुदाय का है।
रायपुर के गंज थाना पुलिस ने शनिवार को भाजपा के शुभांकर द्विवेदी, राहुल राव सहित कुछ अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की FIR दर्ज की। मुंगेली के राजेश छेदइया की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने राहुल राव और शुभांकर को हिरासत में लिया तो मंत्री राजेश मूणत पुलिस वालों से उलझ गए। गाली-गलौज की। बाद में आरोप लगाया कि सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की है। इस घटना के बाद से भाजपा आक्रामक है। भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा थाने में धरना दे रहे हैं। इस बीच कांग्रेस भी एक्टिव हो चुकी है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने रविवार को एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, जिन दो लड़कों के साथ भाजपाइयों ने कल मारपीट की है। उनमें से एक लड़का आदिवासी और दूसरा दलित समाज से आता है। मैं रायपुर पुलिस से आरोपियों के ऊपर एट्रोसिटी की धाराएं लगाने की मांग करता हूं।
सोमवार को औपचारिक शिकायत जा सकती है
बताया जा रहा है, कांग्रेस इस मामले में अभी चुप है। सभी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के यहां विवाह समारोह में व्यस्त हैं। कहा जा रहा है, शादी संपन्न हो जाने के बाद सोमवार को इस मामले में पुलिस को औपचारिक शिकायत दी जी सकती है। पुलिस ने भी जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।