रायपुर. शुक्रवार को NDA के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू रायपुर पहुंचीं। उन्होंने भाजपा नेताओं से मुलाकात की । रायपुर के प्राइवेट होटल में हुए कार्यक्रम के दौरान बसपा और जनता कांग्रेस के विधायकों ने भी द्रोपदी मुर्मू को अपना समर्थन दे दिया। अब द्रौपदी के समर्थन को लेकर बयान वाली सियासी महाभारत शुरू हो चुकी है। कांग्रेस-भाजपा के बड़े नेता एक दूसरे को इस मुद्दे पर घेर रहे हैं।
साय बोले – भाजपा करती है आदिवासियों का सम्मान
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को छत्तीसगढ़ प्रदेश के आदिवासी समाज की तरफ से धन्यवाद दे रहे हैं। बसपा और जनता कांग्रेस नेता भी समर्थन दे रहे हैं, जितना आदिवासियों का सम्मान भाजपा करती है उनका कांग्रेस ने कभी नहीं किया।
कांग्रेस के आदिवासी विधायक मुर्मू को वोट करें
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कांग्रेस को 32% आदिवासी आबादी वाले छत्तीसगढ़ में विधायकों को छोड़ देना चाहिए। विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज से जिसे वोट देना चाहे उसे वोट दें, कांग्रेस विधायकों को छूट देना चाहिए कि वह मुर्मू को वोट दे सकें, पहली बार हिंदुस्तान में ऐसा हुआ है कि एक अनुसूचित जनजाति की बेटी सर्वोच्च पद में बैठने जा रही है
अमित जोगी की पार्टी द्रौपदी का समर्थन कर रही है, एक आदिवासी समाज की महिला को देश की प्रथम नागरिग बनने का सम्मान मिलने जा रहा है। हमनें उन्हें समर्थन दिया है, मैं प्रदेश कांग्रेस के बाकि 71 विधायक हैं उनसे अपेक्षा रखता हूं। 60 साल देशपर राज करने वालों ने कभी किसी आदिवासी को इस लायक समझा नहीं। अब रोकने का प्रयास न करें खुलकर समर्थन करना चाहिए। छत्तीसगढ़ आदिवासी बाहुल्य राज्य है, अंतरात्मा के आधार पर द्रौपदी मुर्मू का देश की राष्ट्रपति बनने का समर्थन करें।
वह राष्ट्रपति बन चुकी हैं
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बयान में कहा कि द्रौपदी अभी प्रत्याशी के रूप में आई थीं लेकिन सबको पता है वह राष्ट्रपति बन चुकी हैं। औपचारिकता बची है। मुर्मू ने सांसद विधायक से मुलाकात कर आग्रह करते हुए समर्थन मांगा। उन्हें पूरे देश का समर्थन मिल रहा है रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज होगी। छत्तीसगढ़ उड़ीसा लगा हुआ राज्य है यहां के खानपान भी लगभग एक है। राष्ट्रपति बनने के बाद उड़ीसा में तो हर्षोल्लास होगा छत्तीसगढ़ में भी पर्व मनेगा आशीर्वाद मिलेगा।