गांव में घुसा हाथियों का दल, वन अमले की बढ़ी चिंताएं

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। दो हाथियों का दल बीते कुछ दिनों से जिले में उत्पात मचा रहा है। हाथी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे है और वन अमला उन्हें संभालने में जुटा है। बीती रात इन्ही दोनो हाथियों का दल फिंगेश्वर शहर में घुस गया था।

जानकारी के मुताबिक हाथियों का दल दो घण्टे फिंगेश्वर शहर में मौजूद रहा। इस दौरान वह धान संग्रहण केंद्र में भी घुसा, उसके बाद शहर से होते हुए सरकड़ा, बिडोरा गांव की तरफ बढ़ गया। फिलहाल हाथियों की लोकेशन खुरसा गांव के आसपास बताई जा रही है। मामले में राहत की बात ये है कि अभी तक हाथियों द्वारा कोई बड़ा जान माल का नुकसान की खबर सामने नही आयी है। हालांकि बीते दिनों इसी हाथी दल ने कुंडेल धान संग्रहण केंद्र के एक चौकीदार को कुचलकर मार दिया था।

फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र प्रभारी श्री तिवारी ने हाथियों के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि दो हाथियों का दल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। बीती रात दोनो हाथी तकरीबन 12 बजे फिंगेश्वर पहुंच गए थे। वे यहां लगभग दो घण्टे रहे। इस दौरान वे धान संग्रहण केंद्र में घुसे। इसके बाद दोनो हाथी सूखा नदी के रास्ते बिडोरा और सरकड़ा गांव की तरफ निकल गए। ग्रामीणों द्वारा शोर शराबा करने के कारण हाथी दोबरा वापिस मुड़ गए और खुरसा की तरफ बढ़ गए। फिलहाल दोनो हाथी फिलहाल यही डेरा जमाए हुए हैं।

श्री तिवारी ने बताया कि वन अमला हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र के लोगों को भी सचेत कर दिया गया है। ग्रामीणों को अकेले जंगल जाने से मना किया गया है। इसके अलावा हाथियों से दूरी बनाए रखने की भी हिदायत दी गयी है। जानकारी के मुताबिक बिडोरा और सरकड़ा गांव में हाथियों के पहुंचने से लोग दहशत में आ गए है।

Exit mobile version