छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों, अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर मिल सकती है डीए वृद्धि की सौगात

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। केंद्र के समान डीए और एचआरए की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के कर्मचारी, अधिकारी लंबे समय से चरणबद्ध आंदोलन चला रहे हैं। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर 25 जुलाई से लेकर 29 जुलाई तक पांच दिन के कलमबंद हड़ताल से सरकारी कामकाज ठप्प रहा। फेडरेशन ने अब 22 अगस्त से बेमियादी हड़ताल का ऐलान किया है। इसकी सूचना चीफ सिकरेट्री को भी दे दी गई है।

इस बीच खबर है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 15 अगस्त को पुलिस ग्राउंड में झंडा फहराने के बाद अपने उद्बोधन में डीए पर कोई अहम ऐलान कर सकते हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों में इसकी खासी चर्चा है। और फेडरेशन ने बेमियाद हड़ताल के लिए 22 अगस्त का डेट मुकर्रर किया है, उसके पीछे यही उम्मीद है कि षायद स्वतंत्रता दिवस को कोई घोषणा हो जाए। वैसे, मंत्रालय के जिम्मेदार अधिकारियों का भी कहना है, सरकार डीए नहीं देना चाहती, ऐसा नहीं है। वैसे भी पिछले गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के हित में कई ऐलान किए थे। उनमें फाइव डे वीक भी शामिल था। यही वजह है कि कर्मचारियों की उम्मीदें बनी हुई हैं।

छत्तीसगढ़ में अभी 22 फीसदी महंगाई भत्ता मिलता है। मई में पांच प्रतिशत बढ़ाया गया। उससे पहले 17 था। जबकि, केंद्र में 34 परसेंट है। कई राज्यों ने केंद्र के समान कर्मचारियों का डीए कर दिया है। यहां भी कर्मचारियों की निगाहें मुख्यमंत्री के 15 अगस्त के भाषण पर टिकी हुई है। चर्चा है कि सब कुछ ठीकठाक रहा तो सरकार पांच से सात परसेंट डीए बढ़ाने का ऐलान कर सकती है।