खैरागढ़ रोड पर देर रात कार पलटने से लगी आग, पत्नी और तीन बेटियों के साथ कारोबारी की जिंदा जलने से मौत

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव। राजनांदगांव में खैरागढ़ रोड पर गुरुवार की दरमियानी रात एक सड़क हादसे में व्यापारी परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। हादसा तेज रफ्तार कार के पुलिया से टकराने के बाद हुआ। कार पुलिया से टकराकर पलट गई, जिसके बाद कार में आग लगी और व्यापारी परिवार के पांच लोगों की जलने से मौत हो गई। इस हादसे पर सीएम भूपेश बघेल ने ट़्वीट कर शोक जताया है।

घटना दरमियानी रात करीब डेढ़-दो बजे के बीच की है। बताया गया कि खैरागढ़ के गोलबाजार में रहने वाले सुभाष कोचर कार में पत्नी कांति कोचर और तीन बेटियों भावना कोचर, वृद्धि कोचर व पूजा कोचर के साथ बालोद में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी खैरागढ़ के रास्ते में ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के सिंगारपुर-गोपालपुर के पास कार में अचानक आग लग गई। जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई। इसके चलते व्यापारी परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रात में हवा-तूफान भी चल रहा था।

Chhattisgarh Crimes

इस बीच किसी ग्रामीण हादसे को देख पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही खैरागढ़ एसडीओपी और ठेलकाडीह पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया पर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया है। एएसपी संजय महादेवा ने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा लगता है तेज रफ्तार कार पुलिया से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई होगी।

फारेसिंक टीम भी पहुंची

दर्दनाक हादसे की सूचना के बाद शुक्रवार सुबह से फारेसिंक टीम भी घटना स्थल पहुंच गई। टीम घटना की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सुभाष कोचर खैरागढ़ के बड़े व्यापारी थे। खैरागढ़ में उनका साइकिल का बड़ा शोरूम है। उनकी बेटियों की उम्र 20 से 25 वर्ष बताई गई है। इधर हादसे की खबर के बाद खैरागढ़ के व्यापारियों में शोक का माहौल है। व्यापारियों ने नगर के सभी प्रतिष्ठानों को बंद रखने कहा है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही, शोक संतप्त कोचर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Chhattisgarh Crimes