सफेद दाग की बीमारी दूर करने के नाम पर लाखों की ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

रायपुर. सफेद दाग बीमारी का ईलाज करने के नाम पर देशभर में बहुत से लोगों को लाखों का चूना लगाने का मामला सामने आया है. रायपुर पुलिस ने ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

थाना पंडरी क्षेत्रांतर्गत सफेद दाग बीमारी का ईलाज करने के नाम पर एक युवक से एक लाख रुपए की ठगी की गई. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है. ये सभी आरोपी राजस्थान के निवासी हैं. बताया जा रहा है कि इन आरोपियों के कोई निश्चित ठिकाना नहीं है. पुलिस ने आरोपियों को तेलंगाना के मनचिरियान से गिरफ्तार किया है.

दलदल सिवनी के पीड़ित भूपेन्द्र वर्मा ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 28 दिसंबर 2022 को शंकर नगर में अनिल तिवारी ने फोनकर सफेद दाग की बीमारी ठीक कराने के लिए डॉ. रहमान मलिक का नंबर दिया, जिस पर पीड़ित ने संपर्क किया. इसके बाद भूपेन्द्र ने अपने घर ले जाकर अपने बेटे का ईलाज करवाया. ईलाज के बाद डॉ. रहमान मलिक को एक लाख रुपए ऑनलाईन दिए गए. इसके बाद सफेद दाग बीमारी की दवाईयां शाम को व्हॉट्सएप में मैसेज करूंगा कहा, लेकिन सफेद दाग बिमारी की दवाईयां न भेज कर किसी दूसरी बिमारी की दवाईंयों का विवरण भेज दी. इसके बाद एक लाख रुपए की धोखाधड़ी कर फरार हो गया.

पीड़ित की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन वीरेन्द्र चतुर्वेदी, थाना प्रभारी पण्डरी व प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पण्डरी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया. टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी और अनिल तिवारी से विस्तृत पूछताछ किया गया. टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी द्वारा जिन मोबाईल नम्बरो के माध्यम से आरोपी से संपर्क किया गया था, उन मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही जिन खातों में रकम स्थानांतरित किये गये थे, उन खातों के संबंध में भी संबंधित बैंकों से दस्तावेज व जानकारी प्राप्त लगातार तकनीकी विश्लेषण करते हुये अंततः आरोपी को चिन्हांकित करने में सफलता मिली तथा आरोपी को तेलंगाना में लोकेट किया गया.

जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पण्डरी पुलिस की संयुक्त टीम के सदस्यों को तेलंगाना रवाना किया गया. टीम के सदस्यों द्वारा तेलंगाना पहुंचकर आरोपियों की लगातार कैम्प करते हुए आरोपी की पड़ताल करने पर यह सुनिश्चित हुआ कि आरोपी का कोई निश्चित ठिकाना नही है तथा वह लगातार घुमता रहता है जिसके कारण टीम के सदस्यों द्वारा तेलंगाना के करीम नगर, इंदाराम एवं मनचिरियान में लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को मनचिरियान तेलंगाना से पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उस्मान उर्फ डॉ. रहमान मलिक होना बताया और घटना के संबंध में प्राप्त साक्ष्यों के आधार कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने अन्य साथी सोनू मोहम्मद और अख्तर निवासी राजस्थान के साथ मिलकर उक्त ठगी की घटना को कारित के साथ-साथ देशभर में सफेद दाग बिमारी का ईलाज के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाते हुए लाखों रूपये की ठगी करना बताया गया है. जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त आरोपी सोनू मोहम्मद एवं अख्तर को भी गिरफ्तार किया गया.

Exit mobile version