
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस प्लान डी एक्टीवेट कराने का झांसा देकर डेढ़ लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सकरी के साहू मोहल्ले में रहने वाले आशीष कुमार साहू कार वाशिंग सेंटर चलाते हैं। उनकी उन्होंने पत्नी के नाम पर क्रेडिट कार्ड लिया है। करीब 10 दिन पहले 20 जनवरी की शाम उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनकी पत्नी के क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस प्लान एक्टीवेट है। इसे डी एक्टीवेट करने के लिए कहने पर कस्टमर केयर पर कंप्लेन भेजने की बात कही गई। कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर दूसरे नंबर से काल आया। फोन करने वाले ने दो इंश्योरेंस प्लान को डी एक्टीवेट करने के लिए पूछा।
आशीष के हां कहने पर उनसे ओटीपी मांगा गया। दो बार अलग-अलग ओटीपी पूछकर जालसाजों ने उनके खाते से एक लाख 49 हजार 352 रुपये खाते से पार कर दिए। खाते से रुपये निकलने का मैसेज आने पर आशीष को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। उन्होंने घटना की शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।