बघेल-रमन के मेहमान बने गडकरी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में रायपुर पहुंचे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का जमकर स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के भी मेहमान बनें। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में दोपहर का भोजन किया। बाद में रमन सिंह के यहां जाकर चर्चा की।

Chhattisgarh Crimes

समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सीएम हाउस पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल ने गडकरी का स्वागत किया। बताया जा रहा है, यहां काफी देर तक दोनों नेताओं के बीच पारिवारिक-सामाजिक मसलों पर बातचीत होती रही। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को दोपहर के खाने के लिए आमंत्रित किया था। केंद्रीय मंत्री करीब 40-45 मिनट तक वहां रहे।

इसके बाद नितिन गडकरी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मौलश्री विहार स्थित आवास पर भी पहुंचे। यहां उनकी पत्नी वीणा सिंह ने गडकरी के माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया। वहां उनके पुत्र और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बात होती रही। डॉ. रमन सिंह ने स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 33 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने रायपुर पहुंचे थे। यह आयोजन पं. जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में हुआ था। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ में सड़कों के विकास के लिए बड़ी मदद का भरोसा भी दिया।