कभी गोलियों और बारूद की गूंज से दहशत में थे ये इलाके, अब खेल मैदान में उतर रहे युवा

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। का घर से बाहर निकलना भी चुनौतीपूर्ण था, वहां की नई पीढ़ी अब खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने उतर रही है। जंगलों में बंदूक और बारूद के साये से बाहर निकलकर युवा अब फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी और एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

नक्सलमुक्त बस्तर की इसी बदलती तस्वीर के बीच बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलंपिक 3.0 के जिला स्तरीय मुकाबलों का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि अब तक संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। बस्तर ओलंपिक अब केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन इलाकों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का मंच बनता जा रहा है, जहां लंबे समय तक नक्सलवाद का प्रभाव रहा।

बस्तर ओलंपिक के प्रति युवाओं का बढ़ता आकर्षण आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। वर्ष 2024 में बस्तर जिले में 37,650 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। 2025 में यह संख्या बढ़कर 95,587 हुई और 2026 में 1,04,841 तक पहुंच गई। यानी तीन वर्षों में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इस बार जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए सातों विकासखंडों में आयोजित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

25 और 26 नवंबर को होने वाली प्रतियोगिताएं शहर के चार मैदानों में आयोजित की जा रही हैं। सिटी ग्राउंड में महिला फुटबॉल, इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और कराते, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न मुकाबले होंगे। वहीं खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी में हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। बुधवार को जूनियर वर्ग और गुरुवार को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन गुरुवार शाम 4 बजे होगा।

शुभारंभ समारोह में इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए किसी बड़े महानगर में जन्म लेना जरूरी नहीं है। छोटे-छोटे गांवों में भी बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष संभागीय आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति भी इस आयोजन के महत्व को दर्शाती है।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि जोन और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़कर खिलाड़ी अब जिला स्तरीय मुकाबलों में पहुंचे हैं। बस्तर ओलंपिक युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का शानदार मंच दे रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने की अपील की।

Exit mobile version