गुरु पुष्य नक्षत्र आज: 677 साल बाद बन रहा खरीदारी का बेहद शुभ संयोग, बरकत होने की है मान्यता

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ का पूरा फल मिलता है, उसी तरह से शुभ मुहूर्त में खरीदारी से सुख-समृद्धि भी घर आती है। शास्त्रों में खरीदारी के लिए गुरु पुष्य नक्षत्र को सबसे शुभ और मंगलकारी माना गया है। इस बार धनतेरस और दिवाली से पहले ही खरीदारी का बेहद शुभ संयोग बन रहा है। इस दिन को खरीदारी और निवेश के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। गुरु पुष्य नक्षत्र आज, 28 अक्टूबर 2021, दिन गुरुवार पूरे दिन और रात तक रहेगा।

गुरु और शनि ग्रह एक ही मकर राशि में रहेंगे। गुरु पुष्य नक्षत्र का शुभ संयोग 677 साल बाद बन रहा है। इसके अलावा आज गुरुवार भी है। गुरु पुष्य नक्षत्र को सबसे उत्तम माना जाता है। 2 नवंबर को धनतेरस और 4 नवंबर को दिवाली है। हालांकि इस साल धनतेरस और दिवाली से पहले ही खरीदारी का शुभ संयोग बन रहा है।

शुभ माना जाता है गुरु पुष्य नक्षत्र-

ज्योतिष शास्त्र में 27 नक्षत्रों में से पुष्य नक्षत्र को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। पुष्य सभी संकटों का नाश करता है। इसलिए शुभ कार्य करने के लिए इस नक्षत्र को बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस नक्षत्र में खरीदारी करने से घर सुख-समृद्धि आती है। इस मुहूर्त में विवाह की मनाही होती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान राम और देवगुरु बृहस्पति का जन्म भी इसी नक्षत्र में हुआ था।

कैसे होते हैं इस नक्षत्र में जन्मे लोग-

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस नक्षत्र में जन्मे लोग दयालु, धार्मिक और स्वभाव के धनी होते हैं। कहते हैं कि इस नक्षत्र में जन्मी लड़कियां भाग्यशाली, धार्मिक, साहसी और बुद्धिमान होती हैं।

इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।