हरियाणा के भिवानी में पहाड़ दरकने से 20-25 लोग दबे, तीन शव निकाले गए, मरने वाले छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मजदूर

Chhattisgarh Crimes

भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम एरिया में शनिवार सुबह सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पहाड़ दरकने से 20 से 25 लोगों के दबने की खबर है। फिलहाल तीन मजदूरों के शव निकाले गए हैं। पहाड़ दरकने से गिरे सैकड़ों टन वजनी पत्थरों के नीचे कई पोकलेन मशीनें, ट्रक और अन्य वाहन भी दब गए हैं।

Chhattisgarh Crimes

वहीं पहाड़ का जो हिस्सा गिरा है वह इतना बड़ा है कि उसे हटाने में ही कई दिन लग जाएंगे। पुलिस और प्रशासन ने मीडिया के घटनास्थल पर जाने पर पाबंदी लगा दी है। NGT की रोक के कारण तोशाम के डाडम एरिया में खनन कार्य पर रोक थी। शुक्रवार को ही यहां रोक हटने के बाद खनन कार्य शुरू हुआ था। शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पूरा पहाड़ दर गया और उसके नीचे करीब 20 से ज्यादा लोग नीचे दब गए।

साथ ही मौके पर मौजूद ढुलाई के लिए खड़े वाहन और खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीनें भी दब गईं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करवाया। तीन लोगों के शव मलबे के नीचे से निकाले जा चुके हैं।

बचाव कार्य में आ रही है दिक्कत

घटना की सूचना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। पहाड़ दरकने के बाद गिरे पत्थरों हटाकर लोगों की तलाश शुरू कर दी है। बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण उन्हें हटाने में दिक्कत आ रही है। पत्थरों को काटकर हटाने का प्रयास प्रशासन कर रहा है। दबे व्यक्तियों की संख्या को लेकर अभी कुछ स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है। घटनास्थल से दूर ही आम लोगों को रोका गया है।

फोरेस्ट एरिया की ओर दरका पहाड़

खानक-डाडम क्रशर एसोसिएशन चेयरमैन मास्टर सतबीर रतेरा ने बताया कि जिस समय घटना हुई, वहां कोई खनन कार्य नहीं हो रहा था। खनन क्षेत्र दोनों ओर से फोरेस्ट एरिया से घिरा है। फोरेस्ट एरिया क्षेत्र से हजारों टन का पहाड़ दरकर खनन क्षेत्र की तरफ आया। इसमें अभी तक पांच वाहनों के दबने की पुष्टि हो पाई है, इनकी संख्या ज्यादा भी हो सकती है।