गुस्से में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पति ने पत्नी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। गुस्से में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। फिर पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी सुनाई। परिजनों ने शव दफना दिया, लेकिन मृतिका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी मुताबिक, पार्वती बाई (52) की शादी ग्राम खजूरबहार के चौहान पारा में रहने वाले मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर मौत की सूचना दी।

अगले दिन सीता बाई गांव पहुंची। वहां उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर चोट के निशान थे और खून निकला हुआ था।

इस पर मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं। सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। उसकी बात पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।

बहन को हुआ शक, 20 नवंबर को थाने पहुंचकर की शिकायत

कुछ समय बाद सीता बाई को अपनी बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की हत्या की गई है और इसमें उनके पति का हाथ हो सकता है। इसके बाद 20 नवंबर को उन्होंने कुनकुरी थाने पहुंचकर संदिग्ध मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई।

Exit mobile version