पत्नी का गला घोंटकर लटका दिया फांसी पर, मां ने भी दिया था साथ

Chhattisgarh Crimes

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना अंतर्गत रमेशपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चरित्र शंका पर पति ने अपनी मां के साथ मिलकर पत्नी की गला घोंट हत्या कर दी थी। घटना को आत्महत्या का स्वरूप देने के लिए दोनों ने मिलकर शव को घर के समीप फांसी के फंदे पर लटका दिया था। हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप पर पुलिस ने पति अंकित जायसवाल तथा सास शिवकुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार एक मई 2024 को रमेशपुर निवासी अंकित जायसवाल ने पत्नी के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने की सूचना पुलिस को दी थी। पति ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया था कि उसकी पत्नी दुर्गावती जायसवाल ( 23) बीते 30 अप्रैल 2024 की रात को घर के पीछे छोटे झाड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतलाल आयाम घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने बारीकी से छानबीन शुरू की। मृतका का पति और सास से व्यवहार अच्छा नहीं पाया गया। चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंट कर हत्या करना बताया गया था। अंधे हत्याकांड के राजफाश में निरीक्षक संतलाल आयाम, सहायक उप निरीक्षक ललित एक्का, प्रधान आरक्षक हर्षदीप कुजूर, कलेश पैकरा, आरक्षक राजेश तिर्की, मनोज गुप्ता, कमिल बड़ा, सुमंत पटेल सक्रिय रहे।

मृतका के पति अंकित जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस के सवालों से उलझते हुए उसने सच्चाई उगल दी। आरोपित पति ने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शंका था।पति – पत्नी के मध्य इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसलिए उसने मां के साथ मिलकर हत्या कर दी थी।

मृतका के पति अंकित जायसवाल ने बताया कि घटना दिवस 30 अप्रैल 2024 की रात पत्नी से उसका विवाद हुआ।रात करीब एक बजे अपनी मां शिवकुमारी को बुलाकर अपने कमरे में लाया। मां से मृतका का हांथ पैर पकड कर रखने बोला। पति ने पत्नी को जबरदस्ती कीटनाशक का सेवन कराया लेकिन पत्नी ने कीटनाशक को उगल दिया। इस पर आरोपित ने रस्सी से पत्नी का गला कसकर घोंट दिया। महिला की मौत के बाद आरोपित पति ने अपनी मां के साथ शव को ले जाकर घर के पीछे झाड़ में आत्महत्या का रुप देने के लिये लटका दिया था।

Exit mobile version