
रायपुर। अप्रैल महीने में चल रही लू ने गर्मी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को छत्तीसगढ़ का अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह अप्रैल में मापा गया दूसरा सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। इससे पहले 1980 में जांजगीर-चांपा में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। राजनांदगांव में अब का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है।
राजनांदगांव में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहां का सर्वकालिक रिकॉर्ड 44.4 डिग्री सेल्सियस का है जो 2010 में रिकॉर्ड किया गया था। राजधानी रायपुर में भी पिछले 10 सालों की सबसे भीषण गर्मी वाला अप्रैल साबित हुआ है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह 2012 से अब तक अप्रैल महीने में मापा गया सबसे अधिक तापमान है। पिछले 10 सालों में केवल चार बार ही अधिकतम तापमान इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाया है।
मौसम विभाग के क्लाइमेटोलॉजी के मुताबिक 2016 में 22 अप्रैल को यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस हुआ था। 2017 में 20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं 2019 में 28 अप्रैल को यह 44.2 डिग्री सेल्सियस था। रायपुर का अप्रैल में मापा गया अब तक सबसे अधिक तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस है। यह 30 अप्रैल 1942 को दर्ज किया गया था। बिलासपुर भी सोमवार को अपने सर्वकालिक रिकॉर्ड से थोड़ा ही पीछे रह गया। बिलासपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां अधिकतम गर्मी का रिकॉर्ड 45.8 डिग्री सेल्सियस है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में अप्रैल का रिकॉर्ड
अभी तक के रिकॉर्ड में जांजगीर-चांपा ही सबसे गर्म स्थान रहा है। अप्रैल में अब तक का सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान वहां 1980 में मापा गया था। रायपुर में 46.1 डिग्री सबसे अधिक तापमान है। बिलासपुर में यह 45.8 डिग्री सेल्सियस है और दुर्ग में 45.3 डिग्री। राजनांदगांव में अब का सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस है। यह 2010 में रिकॉर्ड किया गया था। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस है जो 1941 में मापा गया था। वहीं अंबिकापुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान 28 अप्रैल 1999 को दर्ज किया गया था।
शनिवार को प्रदेश के शहरों में ऐसा था तापमान
शहर – अधिकतम तापमान – सामान्य से अंतर
रायपुर – 44.6 +3
बिलासपुर – 45.4 +3
पेण्ड्रा रोड – 42.6 +4
अंबिकापुर – 41.9 +3
जगदलपुर – 38.6 +3
दुर्ग – 44.6 +3
राजनांदगांव – 44.5 +5