कोरोना काल में धरने और दिखावे के लिए मानवता कभी भाजपा को माफ नहीं करेगी : शैलेश नितिन त्रिवेदी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। Toolkit विवाद में थाने के सामने भाजपा के धरने पर कांग्रेस ने तीखा जुबानी हमला बोला है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने इसे कोरोना के खिलाफ लड़ाई को डिस्टर्ब करने की कोशिश बताया है। उन्होंने कहा, कोरोना काल में इस धरने और दिखावे के लिए मानवता, कभी भाजपा को माफ नहीं करेगी।

शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा, कांग्रेस रिसर्च डिपार्टमेंट के लेटरहेड में फेरबदल कर भाजपा वालों ने एक फर्जी कागज बनाया। भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं ने उसे Toolkit बताते हुए प्रसारित किया। पूरी भाजपा इस झूठ को फैलाने में लग गई। लेकिन असलियत बेनकाब हो चुकी है। यह कागज फर्जी था। ट्वीटर ने तो बकायदा उसपर मेनुपुलेटेड मीडिया लिख दिया। उसके बाद कई स्वतंत्र समाचार माध्यमों से इन कागजों के फर्जीवाड़े को चिन्हित कर लिया। इसके बावजूद भाजपा इसे सही बताने की जिद कर रही है।

त्रिवेदी ने कहा, भाजपा इस कोविड काल में आंदोलन कर रही है। दरअसल कोविड काल में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से जिस तरह व्यवस्थाओं को संभाला गया, भाजपा उससे विचलित है। उन्होंने कहा, भाजपा को मालूम है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में जहां उनकी सरकार है, वहां कोरोना के चलते लोगों की कैसी दुर्दशा हो रही है। भाजपा का यह अभियान राज्य सरकार की कोविड के खिलाफ लड़ाई को डिस्टर्ब करने के लिए है। इस धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के लिए प्रदेश के लोग और पूरी मानवता भाजपा को कभी माफ नहीं कर पाएगी।

रमन सिंह के स्टैंड को बताया शर्मनाक

कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख ने Toolkit मामले में डॉ. रमन सिंह के स्टैंड को शर्मनाक बताया है। शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा, रमन सिंह ने जो दस्तावेज सार्वजनिक किए वे फर्जी थे। किसी फर्जी दस्तावेज को सही बताकर प्रसारित करना अपराध है। रमन सिंह इन फर्जी दस्तावेजों को सही साबित करने के लिए अगर थाने जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं, निराधार आरोप लगा रहे हैं तो इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। त्रिवेदी ने कहा, रमन सिंह के प्रदर्शन और गीदड़ भभकी से झूठ सच में नहीं बदल जाएगा।

करीब दो घंटे धरना देकर गए रमन सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को गिरफ्तारी की चुनौती दी। रमन सिंह और उनके साथ गए भाजपा नेता थाने के ठीक बाहर बकायदा मंच लगाकर दो घंटे तक बैठे रहे। इसी थाने में रमन सिंह और संबित पात्रा के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। उन पर कांग्रेस के नाम पर एक फर्जी दस्तावेज प्रसारित करने का आरोप है।

Exit mobile version