
रायपुर। रायपुर के भाठागांव इलाके में हुई एक चोरी का वीडियो सामने आया है। इस क्लिप में चोर एक ऑफिस में खिड़की के रास्ते घुसते और फिर तिजोरी को इसी रास्ते से ले जाते दिख रहे हैं। रविवार की रात यहां 2 लाख रुपयों की चोरी हुई थी। अब वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों का पता लगाने की कोशिश में है। हालांकि मंगलवार शाम यानी करीब-करीब वारदात के दूसरे दिन तक पुलिस के पास चोरों का कोई क्लू नहीं है। जांच टीम लगातार दफ्तर के आस-पास कई CCTV फुटेज खंगाल रही है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि चोर जब तिजोरी को खोल न सके तो इसे अपने साथ ले गए। सुबह पुलिस को ऑफिस के पास खेत में टूटी हुई तिजोरी मिली, इसमें दो लाख 80 हजार रुपए लेकर बदमाश फरार हो गए। टूटी हुई तिजोरी को यहीं छोड़ दिया। जहां चोरी हुई वो एक कुरियर कंपनी का प्रमुख ऑफिस है।
प्रोफेसर कॉलोनी में ई कॉम एक्सप्रेस नाम के इस दफ्तर में हुई चोरी के मामले में पुलिस यहां काम कर चुके पुराने कर्मचारियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को शक है कि कुछ लोगों ने पूरी तरह से रेकी की उन्हें पता था कि तिजोरी के पास एक खिड़की से अंदर जाया जा सकता है। इसके बाद ये चोरी की गई। पुलिस इस चोरी में शामिल लोगांे को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।