खैरागढ़ उपचुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे ने स्व. देवव्रत सिंह के बहनोई और अधिवक्ता नरेंद्र सोनी को बनाया उम्मीदवार

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव। खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (JCCJ) ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने अधिवक्ता और स्व. देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर अभी तक JCCJ का ही कब्जा था। राजा देवव्रत सिंह यहां से विधायक थे और उनके निधन के बाद ही यह सीट खाली हुई है। ऐसे में राजपरिवार के सदस्य को टिकट देने से मुकाबला फिर रोचक हो गया है।

JCCJ महामंत्री महेश देवांगन ने कहा पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने नरेंद्र सोनी को खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ राज परिवार पर दबाव और प्रलोभन के बावजूद नरेंद्र सोनी ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। स्व. देवव्रत सिंह के बहनोई और राजपरिवार के अभिन्न अंग होने के साथ ही वह एक आम आदमी हैं।

खैरागढ़ को अलग जिला बनाने के आंदोलन का किया नेतृत्व

नरेंद्र सोनी पृथक खैरागढ़ जिला बनाओ आंदोलन के नेतृत्वकर्ता रहे हैं। पार्टी की ओर से कहा गया है कि नरेंद्र किसी जाति विशेष का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। वह सभी घोषित प्रत्याशियों में सबसे शिक्षित हैं। उनका चयन वहां की जनता सत्ता-बल, बाहुबल और धन-बल को नकार के खैरागढ़ को अलग ज़िला बनाने की मांग को लेकर स्वर्गीय राजा देवव्रत सिंह को श्रद्धांजलि होगी।

विधानसभा उपचुनाव के लिए 22 प्रभारी नियुक्त किए

JCCJ महामंत्री महेश देवांगन ने बताया कि खैरागढ़ उप-चुनाव का संचालन सरदार जरनैल सिंह भाटिया करेंगे। उनके मार्गदर्शन में खैरागढ़ विधान सभा को 7 जोन में विभक्त किया गया है। जिसमें प्रदेश से 22 प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। यह भी प्रभारी चुनाव के दौरान वहां कमान संभालेंगे और एक बार फिर JCCJ उम्मीदवार की जीत के लिए प्रयास करेंगे।

Exit mobile version