बस्तर में झमाझम हुई बारिश, ओले भी गिरे

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। जगदलपुर में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। साथ ही ओले भी गिरे। बारिश इतनी अधिक थी कि कार समेत अन्य बड़े वाहनों को सड़क पर ही खड़े करना पड़ा। वहीं बारिश से पहले आए तेज अंधड़ के चलते शहर के कई जगह पेड़ और कई जगह बिजली के खंभे भी गिरे। बारिश की वजह से कई घंटों तक शहर में बिजली गुल रही।

शहर में दिनभर से धूप रही, लेकिन शाम करीब 4 बजे के बाद मौसम का रुख बदला। पहले करीब आगे से 1 घंटे तक आंधी चली। फिर 5 बजे से बारिश होनी शुरू हुई। तेज बारिश की वजह से शहर की मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई थी। हालांकि, अभी बारिश रुक गई है। शहर का मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को गर्मी से निजात मिली है। इधर विद्युत विभाग के कर्मचारी टूटे बिजली के पोल की मरम्मत करने की कोशिश में लगे हुए हैं।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि, एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से दक्षिण अंदरुनी कर्नाटक तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के उत्तर में पश्चिमी और दक्षिण छग में दक्षिणी हवा का आगमन बना हुआ है। 17 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत दक्षिण छग रहने की संभावना बनी हुई है।