
पुणे। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2023 में लगातार चौथी जीत हासिल की है। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया। टीम से विराट कोहली (103* रन) ने 48वां वनडे शतक जमाया। उन्होंने सबसे तेज 26 हजार इंटरनेशनल रन भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 567 पारियों में यह अचीवमेंट हासिल की। कोहली से पहले सचिन तेंदुलकर ने 600 पारियों में इतने रन बनाए थे।
पुणे के MCA मैदान पर गुरुवार को बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 256 रन बनाए। 257 रन का टारगेट भारतीय बल्लेबाजों ने 41.3 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। कोहली के अलावा, शुभमन गिल (53 रन) ने 10वां अर्धशतक जमाया, जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रनों का योगदान दिया।
भारतीय ओपनर्स ने 88 रन जोड़े, शुभमन की पहली वर्ल्ड कप फिफ्टी
257 का टारगेट चेज कर रहे रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 88 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। रोहित फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 48 रन बनाए। हसन की गेंद पर पुल शॉट मारने के चक्कर में रोहित को ह्रदॉय ने बाउंड्री पर लपका। शुभमन गिल ने वर्ल्ड कप में अपनी पहली फिफ्टी लगाई। वो 53 रन बनाकर मेहंदी हसन मिराज की गेंद पर कैच आउट हुए। महमूदुल्लाह ने बाउंड्री पर उनका कैच लपका।