रायपुर। सूर्य देव की उपासना का महापर्व छठ आज से शुरू हो गया है। आज पहले दिन महिलाओं ने नहाय खाय की रस्म सुबह सूर्य देव की उपासना के साथ शुरू की। सुबह से रायपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग- भिलाई, कोरबा सहित तमाम शहरों में छठ व्रति महिलाओं ने नहाय खाय की रस्म निभाई। यह महापर्व आज से शुरू होकर अगले चार दिनों तक चलेगा। छठ घाटों पर पूजा के लिए विशेष रूप से तैयारियां की गई हैं। घाटों पर वेदियों का निर्मांण किया गया है। घाटों की सुरक्षा के लिए तमाम उपाय किए गए हैं और अन्य व्यवस्थाओं के साथ घाट को सजाया गया है। इस साल कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से कई जगहों पर सामूहिक छठ पूजा कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो रहा है।
राजधानी रायपुर में महादेव घाट पर सामूहिक पूजा
रायपुर शहर में महादेव घाट में सामूहिक पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। तय मुहूर्त पर नहाय खाय कर परंपरा निभाते हुए सूर्योदय की पहली किरण के साथ व्रति महिलाओं ने भगवान सूर्य को जल चढ़ाकर उनकी आराधना की और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। महादेव घाट के अलावा व्यास तालाब बीरगांव, आमापारा तालाब सहित राजधानी रायपुर के कई तालाब घाटों पर सामूहिक पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।