रायपुर। कबीर नगर इलाके में शुक्रवार शाम ट्रेन से कटने से नाबालिग युवक-युवती की मौत हो गई है। दोनों एक ही इलाके के रहने वाले हैं। दोनों को घटना के कुछ देर पहले रेलवे ट्रैक पर एक साथ बैठे हुए देखा गया था। पुलिस अफसरों के अनुसार दोनों ने मालगाड़ी से कटकर जान दी है। थोड़ी देर में दोनों की पहचान कर ली गई।
उसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। दोनों का शव मरचूरी में रखवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अफसरों ने बताया कि दोनों करीब 15 दिन पहले घर से एक साथ गायब हो गए थे। सरस्वती नगर थाने में गुम इंसान का केस दर्ज कराया गया था। करीब 15 दिन गायब रहने के बाद दोनों अपने अपने घर लौट आए थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उम्र कम होने के कारण शादी नहीं कर सके।
पुलिस अफसरों का कहना है इसी वजह से वे घर आ गए थे। घटनास्थल पर पूछताछ के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि दोनों को ट्रेन के सामने छलांग लगाते हुए देखा है। वे काफी देर से वहां बैठे थे। वहां से गुजरने वालों ने भी उन्हें देखा, लेकिन उनका बर्ताव सामान्य था। उन्हें देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि वे लोग कुछ इस तरह की घटना को अंजाम दे सकते है। वे एक साथ बैठकर बातें कर रहे थे। इस वजह से किसी को जरा भी अंदेशा नहीं हुआ कि वे ऐसा कर सकते हैं।